Jamshedpur News: चांडिल प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का विधायक सविता महतो ने शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत शिलान्यास किया। दोनों सड़कों के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 56 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब चार किलोमीटर लंबी इन पक्की सड़कों के बनने से आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। विधायक सविता महतो ने चांडिल के बानसा पहाड़पुर में बानसा पहाड़पुर से लकरागोड़ा तक बनने वाली 1.80 किलोमीटर सड़क का शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण पर एकरारनामा के अनुसार करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन के लिए बेहतर और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा।
एनएच-33 उरमाल से डुंगरीडीह तक बनेगी सड़क
इसके बाद विधायक ने एनएच-33 उरमाल से डुंगरीडीह भाया डुबूडीह-हेरेमदा तक बनने वाली 2.3 किलोमीटर सड़क का भी शिलान्यास किया। इस सड़क के निर्माण की लागत एकरारनामा के अनुसार 1 करोड़ 71 लाख रुपये निर्धारित की गई है। सड़क का निर्माण पूरा होने से उरमाल, डुंगरीडीह, डुबूडीह और हेरेमदा समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था बेहतर होने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्र में पक्की सड़क का निर्माण होने से लोगों को बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीणों को मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी। दोनों सड़कों को ग्रामीण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
विधायक ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण का दिया निर्देश
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि दोनों सड़कों का निर्माण ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए कराया जा रहा है। सड़क बनने के बाद ग्रामीणों को यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी और गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। विधायक ने संबंधित संवेदक को सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में विभाग के कनीय अभियंता दिनेश महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, समर भुईयां, पशुपति महतो, लम्बोदर महतो, बुद्धेश्वर महतो, अरुण महतो, अजीत सिंह मुंडा, अनिल महतो, विनय लोहार, योगेश्वर महतो और विजय कृष्ण महतो समेत कई लोग मौजूद थे।कार्यक्रम में मुखिया भीम सिंह मुंडा, राहुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि पक्की सड़क बनने से दैनिक आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। दोनों सड़कों का निर्माण पूरा होने के बाद चांडिल प्रखंड के संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Social Plugin