23 अगस्त को गोंड समाज मनायेगा सावन महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होंगी प्रतियोगिताएं

Jamshedpur News : अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ, जमशेदपुर की महिला समिति की ओर से गोंड समाज का षष्ठम सावन प्राकृतिक महोत्सव 23 अगस्त 2026, रविवार को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम बर्मामाइंस स्थित गुरुद्वारा मैदान में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। महिला समिति की अध्यक्ष नीतू कुमारी के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में गोंड समाज के महिला-पुरुषों के साथ युवतियां और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत गोंड समाज की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार बड़ादेव की पूजा-अर्चना से होगी। समाज के महिला एवं पुरुष पारंपरिक विधि-विधान से बड़ादेव की आराधना करेंगे। आयोजन के माध्यम से समाज की पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

अध्यक्ष दिनेश साह का होगा भव्य सम्मान

बड़ादेव पूजा-अर्चना के बाद गोंड समाज जमशेदपुर के अध्यक्ष दिनेश साह को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा पुनः पांच वर्षों के लिए अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर महिला समिति की ओर से उनका विशेष सम्मान किया जाएगा। महिला समिति की अध्यक्ष नीतू कुमारी के नेतृत्व में पूरी समिति सम्मान समारोह में शामिल होगी। अध्यक्ष दिनेश साह के सम्मान में कराओके गीतों की विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसके बाद महिला सावन महोत्सव, युवतियों का सावन उत्सव और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिला एवं पुरुषों के लिए कराओके गायन का आयोजन होगा। बच्चों के लिए नृत्य और चित्रकला प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों को अपनी ड्राइंग घर से बनाकर लानी होगी। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में शामिल सभी लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।

आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचेंगे लोग

सावन प्राकृतिक महोत्सव को सफल बनाने में भगवंती मरकाम, मंजू देवी, माला कुमारी और चंपा देवी को विशेष कार्यकर्ता के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। आयोजकों के अनुसार महोत्सव में मानगो, डिमना, कदमा, बिष्टुपुर, सोनारी, साकची, जुगसलाई, आदित्यपुर, रानीकुदर, मनीफीट, जेमको, लक्ष्मीनगर, प्रेमनगर, आजाद बस्ती, रामाधीन बागान, नामदा बस्ती, गोलमुरी, एग्रीको, दस नंबर बस्ती, बारीडीह, बागबेड़ा, किताडीह, गड़ाबासा, बागुनहातु, टेल्को, बिरसानगर, सीतारामडेरा, परसुडीह और गम्हरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल होंगे।