Jamshedpur News : वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड के तत्वावधान में 22 और 23 अगस्त को जमशेदपुर में दो दिवसीय प्रांत स्तरीय नगर समिति कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। आवासीय प्रशिक्षण शिविर में राज्य के विभिन्न नगरों से नगर समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। संगठन की ओर से प्रशिक्षण शिविर को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों के साथ समाज संपर्क और सेवा गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नगर समिति के कार्यकर्ताओं को मिलेगा संगठनात्मक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य नगर समिति से जुड़े कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ाना और उन्हें संगठन की कार्य पद्धति से अवगत कराना है। दो दिवसीय शिविर के दौरान कार्यकर्ता निर्माण, संगठन विस्तार, समाज संपर्क और सेवा कार्यों को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किये जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार, बदलती सामाजिक परिस्थितियों में संगठनों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण हो रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को समाज की जरूरतों को समझने, लोगों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने और सेवा गतिविधियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से नगर समितियों को अधिक सक्रिय और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर रहेगा।
संगठन की कार्यपद्धति और आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन
वनवासी कल्याण केंद्र के प्रांत संगठन मंत्री सुशील मरांडी एवं जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला ने गुरुवार को बिष्टुपुर स्थित राजस्थान भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रशिक्षण शिविर की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित होंगे। इनमें नगर समिति की रचना, संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ता निर्माण, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद तथा आगामी कार्ययोजना जैसे विषय प्रमुख होंगे। विशेषज्ञों और अनुभवी कार्यकर्ताओं की ओर से इन विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं को समाज की वर्तमान परिस्थितियों और जरूरतों के अनुरूप सेवा कार्यों को विस्तार देने के लिए भी तैयार किया जाएगा। इससे विभिन्न नगर समितियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में चल रहे सेवा कार्य
संवाददाता सम्मेलन में संस्था की ओर से जनजातीय समाज के बीच चलाये जा रहे सेवा कार्यों की भी जानकारी दी गयी। बताया गया कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम वर्ष 1952 से देश के जनजातीय समाज के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और स्वावलंबन के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
संस्था का उद्देश्य जनजातीय समाज की धर्म, संस्कृति, परंपरा और पहचान को संरक्षित रखते हुए समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में काम करना है। इसी उद्देश्य के तहत वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड वर्ष 1969 से राज्य के सुदूर ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित कर रहा है। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ युवाओं तथा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में भी विभिन्न गतिविधियां चलायी जा रही हैं। इन कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
झारखंड में 75 बाल संस्कार केंद्र और 81 विद्यालय संचालित
वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार वर्तमान में राज्यभर में 75 बाल संस्कार केंद्र और 81 विद्यालय संचालित किये जा रहे हैं। इसके अलावा 20 छात्रावास, अस्पताल, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी चलाये जा रहे हैं। संस्था की ओर से महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए 1,302 स्वयं सहायता समूहों का भी संचालन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि सेवा प्रकल्पों को समाज की जरूरतों के अनुसार लगातार विस्तार देने पर जोर है।
संवाददाता सम्मेलन में पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रांत संगठन मंत्री सुशील मरांडी और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र कुमार झुनझुनवाला ने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न नगरों से आने वाले कार्यकर्ता प्रशिक्षण के दौरान अपने अनुभव भी साझा करेंगे। संवाददाता सम्मेलन में सचिव ललित सिंघानिया, सह सचिव सुरा बिरुली, जमशेदपुर महानगर महिला अध्यक्ष सुनीता जयसवाल, उपाध्यक्ष अंजु मुंडा, सचिव प्रतिमा रानी मिश्र समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। संगठन की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण शिविर में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कार्यकर्ताओं के बीच विचार-विमर्श और समन्वय को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
Social Plugin