Jamshedpur News : केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पोटका प्रखंड में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाएगा। झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला कमिटी के निर्देशानुसार आगामी 31 अगस्त, सोमवार को प्रखंड के सभी 164 बूथों पर एक साथ जन-जागरण अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता ग्रामीणों को विधेयक के प्रावधानों और उसके संभावित प्रभावों की जानकारी देंगे। इसे लेकर प्रखंड कमिटी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
पंचायत कमिटियों के पदाधिकारियों के साथ बनी रणनीति
अभियान को सफल बनाने के लिए झामुमो पोटका प्रखंड कमिटी की ओर से विभिन्न पंचायत कमिटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गयी। बैठक में कालिकापुर, सांग्राम, हेंसलआमदा, जामदा, नरदा, कोवाली, टांगराईन, चाकड़ी, रसुनचोपा, हेंसड़ा, गंगाडीह, हल्दीपोखर पूर्वी एवं तेतला पंचायत कमिटियों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रत्येक पंचायत में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर चर्चा की गयी। पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और अधिक से अधिक ग्रामीणों तक अभियान का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बीएलए-2 और बूथ कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक के खिलाफ पार्टी बूथ स्तर तक जन-जागरण अभियान चलाएगी। उन्होंने पंचायत कमिटियों के पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को व्यापक बनाने का निर्देश दिया। इसके लिए बीएलए-2, बूथ स्तर के नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने को कहा गया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए लोगों तक विधेयक से संबंधित जानकारी पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
ग्रामीणों के बीच पहुंचाया जाएगा विरोध का संदेश
झामुमो नेताओं ने कहा कि अभियान के दौरान पंचायत और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता ग्रामीणों के बीच जाकर केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक 2026 के खिलाफ पार्टी के रुख की जानकारी देंगे। संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं से अभियान को केवल बैठक तक सीमित नहीं रखने, बल्कि गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की गयी। पार्टी का प्रयास है कि पोटका प्रखंड के सभी 164 बूथों में एक साथ अभियान चलाकर लोगों को इस मुद्दे से जोड़ा जाए। बैठक में प्रखंड कमिटी के सचिव भुवनेश्वर सरदार, उपाध्यक्ष चक्रधर महतो, उपाध्यक्ष हितेश भकत, संगठन सचिव वीरेंद्र पात्रो एवं रमेश सोरेन समेत विभिन्न पंचायत कमिटियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Social Plugin