चाकुलिया: पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत चाकुलिया प्रखंड का दौरा कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, सिंदुरगौरी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, प्राप्ति और डिजिटाइजेशन की प्रगति की जानकारी ली। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बन सके।
बीएलओ से जानी गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ से गणना प्रपत्रों के वितरण और प्राप्ति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि कितने मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंच चुके हैं, कितने प्रपत्र वापस प्राप्त हुए हैं और कितने प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन BLO ऐप के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर गणना प्रपत्र पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही प्राप्त प्रपत्रों को बिना किसी त्रुटि के जल्द से जल्द डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया जाए, ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य समय पर पूरा हो सके।
मतदाताओं से की सक्रिय भागीदारी की अपील
मतदान केंद्र पर मौजूद मतदाताओं से संवाद करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र अवश्य भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। इससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने जैसी समस्याओं से बचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची जितनी अधिक सटीक होगी, चुनाव प्रक्रिया उतनी ही पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी।
घर-घर संपर्क अभियान तेज करने के निर्देश
उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं पाए। इसके लिए घर-घर जाकर संपर्क अभियान चलाने और लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बीएलओ केवल प्रपत्र वितरण तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी समझाएं और आवश्यक दस्तावेज जुटाने में सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और तय समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सबर टोला पहुंचकर परिवारों से किया संवाद
क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त चाकुलिया प्रखंड के सालबनी और ग्वालडागिया स्थित सबर टोला भी पहुंचे। यहां उन्होंने सबर समुदाय के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की जानकारी दी और सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और यह भी जाना कि उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
आधार, जाति प्रमाण पत्र और आवास योजना पर दिए विशेष निर्देश
सबर परिवारों के बीच समीक्षा के दौरान यह सामने आया कि कुछ लोगों के आधार कार्ड और जाति प्रमाण पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे परिवारों के लिए विशेष शिविर आयोजित कर सभी आवश्यक प्रमाण पत्र जल्द से जल्द उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अन्य आवास योजनाओं से वंचित सबर परिवारों का सर्वे कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना से जोड़ा जाए ताकि उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल मतदाता सूची को अद्यतन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने का भी अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रत्येक पात्र नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
Social Plugin