ब्रेकिंग न्यूज़:
फीड लोड हो रही है...

उपायुक्त राजीव रंजन ने पीएम जनमन व धरती आबा अभियान के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले में जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कल्याण विभाग एवं समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय बहुल क्षेत्रों एवं विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।


पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम जनमन योजना तथा धरती आबा जनजातीय ग्रामीण उत्कर्ष अभियान के तहत संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना तथा जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करें।

आधारभूत संरचना विकास कार्यों पर दिया गया विशेष जोर

समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, बहुद्देशीय भवनों की स्थापना, ग्रामीण सड़क संपर्क पथ, छात्रावास निर्माण तथा ग्रामीण आवास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा नल-जल योजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, गांवों में विद्युतीकरण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की स्थिति का भी आकलन किया गया। उपायुक्त ने कहा कि आधारभूत संरचना का विकास जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान की आधारशिला है।

मत्स्य एवं पर्यटन विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा

बैठक में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित लाभुक आधारित योजनाओं तथा पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाए। साथ ही पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रभावी पहल करने पर बल दिया गया।

छात्र कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा

कल्याण विभाग और आईटीडीए के माध्यम से संचालित छात्र कल्याण योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। इस दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं, साइकिल वितरण योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना तथा चिकित्सीय सहायता योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पात्र विद्यार्थियों और लाभुकों तक योजनाओं का लाभ बिना किसी विलंब के पहुंचाया जाए ताकि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जनजातीय युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।

बिरसा आवास, वनाधिकार पट्टा एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण पर फोकस

बैठक में बिरसा आवास योजना, कब्रिस्तान घेराबंदी, सामुदायिक सरना-मसना स्थलों के संरक्षण एवं विकास तथा वनाधिकार पट्टा वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जनजातीय समाज की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान से जुड़े स्थलों का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही वनाधिकार कानून के तहत पात्र लाभुकों को अधिकार पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागीय समन्वय पर उपायुक्त का जोर

उपायुक्त राजीव रंजन ने बैठक में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदायों के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी संभव है जब सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति समीक्षा के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता तथा अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Comments