Jamshedpur News: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क, जमशेदपुर द्वारा स्कूली विद्यार्थियों के लिए "आर्ट इन नेचर" चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम थी – “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए।” कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा जैव विविधता जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी सोच और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।

75 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर के विभिन्न विद्यालयों के 75 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों तथा उनके समाधान को अपनी चित्रकृतियों में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता को दो अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित किया गया, ताकि विभिन्न आयु समूह के छात्र अपनी समझ और दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से व्यक्त कर सकें। ग्रुप A में कक्षा VI से VIII तक के विद्यार्थियों के लिए विषय “प्रदूषण से संरक्षण की ओर” रखा गया था, जबकि ग्रुप B में कक्षा IX से XII तक के विद्यार्थियों को “जलवायु परिवर्तन के दौर में जैव विविधता का भविष्य” विषय पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया।

मुख्य अतिथि ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम सर्किल की क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक (RCCF) श्रीमती स्मिता पंकज, आईएफएस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के वातावरण से संरक्षण की शुरुआत करे तो समाज और देश में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पौधारोपण अभियान से दिया हरित भविष्य का संदेश

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क परिसर में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जू प्रशासन ने पर्यावरण शिक्षा, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

इन प्रतिभागियों ने जीते पुरस्कार

ग्रुप A (कक्षा VI से VIII) में “प्रदूषण से संरक्षण की ओर” विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में डीएवी बिष्टुपुर की कक्षा VI की छात्रा आरुषि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की दिव्या सामंता को द्वितीय तथा डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल के अरनव सिंह को तृतीय स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार ऋषित राज और यश कुमार महतो को प्रदान किया गया। वहीं ग्रुप B (कक्षा IX से XII) में “जलवायु परिवर्तन के दौर में जैव विविधता का भविष्य” विषय पर डीएवी पब्लिक स्कूल की वैभवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जुस्को स्कूल कदमा की आबिबा रहमान द्वितीय तथा डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल की तृषा घोष तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार खुशी और सृष्टि परमानिक को दिया गया।

पर्यावरण शिक्षा के प्रति जू की निरंतर प्रतिबद्धता

कार्यक्रम में टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के निदेशक डॉ. नईम अख्तर, क्यूरेटर डॉ. एस. के. महतो तथा जीवविज्ञानी सह शिक्षा पदाधिकारी डॉ. सीमा रानी उपस्थित थीं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ कला शिक्षिका श्रीमती सुजाता, सोमनाथ चौधरी एवं माणिक साव ने किया।
समारोह के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना की गई। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने कहा कि वह वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा और जनजागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य करता रहेगा। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रकृति संरक्षण और सतत भविष्य के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।