ब्रेकिंग न्यूज़:
फीड लोड हो रही है...

महिला विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन 2026 शुरू: 22 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया

Jamshedpur News: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चार वर्षीय स्नातक (UG) और विभिन्न अंडरग्रेजुएट वोकेशनल पाठ्यक्रमों में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार छात्राएं चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक छात्राओं से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेजी समस्या से बचा जा सके।

 22 जून तक ऑनलाइन आवेदन, 24 जून को जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट


विश्वविद्यालय के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 12 मई से ही प्रारंभ हो चुकी है और अब अंतिम चरण में पहुंच रही है। आवेदन समाप्त होने के बाद 24 जून 2026 को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसी दिन से चयनित छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन भी शुरू होगा। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 24 जून से 2 जुलाई तक कॉलेज स्तर पर आयोजित की जाएगी। इस दौरान छात्राओं को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, अंकपत्र, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सत्यापन पूरा होने के बाद ही नामांकन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

पहली मेरिट सूची की छात्राओं के लिए शुल्क भुगतान का कार्यक्रम


पहली मेरिट सूची में चयनित छात्राओं को 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन शुल्क जमा कर अपना नामांकन सुनिश्चित करना होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शुल्क जमा नहीं करने पर सीट किसी अन्य अभ्यर्थी को आवंटित की जा सकती है। ऑनलाइन शुल्क भुगतान के बाद संबंधित छात्राओं का नामांकन पूर्ण माना जाएगा। विश्वविद्यालय ने छात्राओं को सलाह दी है कि भुगतान की रसीद और अन्य दस्तावेज सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

दूसरी और तीसरी मेरिट सूची का पूरा शेड्यूल


विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीटों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए दूसरी और तीसरी मेरिट सूची की तैयारी भी पूरी कर ली है। यदि पहली सूची के बाद सीटें खाली रहती हैं तो दूसरी मेरिट सूची 7 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी। दूसरी सूची में शामिल छात्राओं के दस्तावेजों का सत्यापन 7 जुलाई से 11 जुलाई तक होगा, जबकि नामांकन शुल्क जमा करने की अवधि 10 जुलाई से 17 जुलाई तक निर्धारित की गई है। इसके बाद भी सीटें रिक्त रहने पर तीसरी एवं अंतिम मेरिट सूची 18 जुलाई 2026 को जारी की जाएगी। इस सूची के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 18 से 24 जुलाई तक होगा और शुल्क भुगतान 21 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक किया जा सकेगा।

1 अगस्त को ओरिएंटेशन, 3 अगस्त से नियमित कक्षाएं


नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय नए सत्र की तैयारियों में जुट जाएगा। प्रशासन के अनुसार नवप्रवेशित छात्राओं के लिए 1 अगस्त 2026 को ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छात्राओं को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं और विभिन्न छात्र कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद 3 अगस्त 2026 से नियमित कक्षाओं का संचालन विधिवत शुरू कर दिया जाएगा। इससे नए सत्र की पढ़ाई समय पर प्रारंभ हो सकेगी।

सीट आवंटन में सीयूईटी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता


विश्वविद्यालय ने नामांकन नीति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की है। प्रशासन के अनुसार इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में वैध सीयूईटी (CUET) स्कोर रखने वाली छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि गैर-सीयूईटी छात्राएं भी आवेदन करने के लिए पात्र होंगी। ऐसे अभ्यर्थियों के आवेदनों पर 12वीं कक्षा के प्राप्तांकों में दो अंकों की कटौती के बाद तैयार की गई मेरिट सूची के आधार पर विचार किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पहले सीयूईटी अभ्यर्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा और उनके प्रवेश के बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो गैर-सीयूईटी अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा।




Comments