सात दिनों में दुकान खाली करने के नोटिस से बढ़ी चिंता
दुकानदारों ने उपायुक्त को बताया कि कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रबंधन की ओर से परसुडीह हाट के 99 पक्के दुकानदारों को दुकान खाली करने का नोटिस दिया गया है। नोटिस में दुकानों को जर्जर बताते हुए सात दिनों के भीतर खाली करने का निर्देश दिया गया है। अचानक मिले इस नोटिस से दुकानदारों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि वर्षों से वे इन्हीं दुकानों के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और दुकान बंद होने की स्थिति में उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रथम तल्ला जर्जर, लेकिन ग्राउंड फ्लोर सुरक्षित होने का दावा
मांग पत्र में दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि परसुडीह हाट के पक्के दुकानों का प्रथम तल्ला जरूर जर्जर अवस्था में है, लेकिन ग्राउंड फ्लोर की अधिकांश दुकानें पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी दुकानें खोल रहे हैं और किसी प्रकार की गंभीर समस्या नहीं है। इसके बावजूद कृषि उत्पादन बाजार समिति द्वारा पूरे भवन को कंडम घोषित कर सभी दुकानों को खाली करने का आदेश दिया गया है, जिसे दुकानदारों ने अनुचित बताया।
दुकानदारों ने प्रशासन से की न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मांग की कि दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई भी निर्णय लिया जाए। दुकानदारों ने कहा कि यदि वास्तव में किसी हिस्से की स्थिति खराब है तो उसकी मरम्मत कराई जाए, लेकिन बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए अचानक दुकानों को खाली कराना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर निर्णय लिया जाए, ताकि सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित न हो।
डीसी ने दिया समस्या के समाधान का आश्वासन
दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद उपायुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर इंजीनियरों की टीम भेजकर परसुडीह हाट की पक्की दुकानों का पुनः निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखकर ही उचित कदम उठाएगा और सभी पक्षों की बात सुनने के बाद समाधान निकाला जाएगा।
विधायक की अगुवाई में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
उपायुक्त से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंगल कालिंदी कर रहे थे। इस दौरान परसुडीह हाट पक्के दुकानदार संघ के अध्यक्ष ऋषि सिंह समेत दिलीप गुप्ता, अरविंद वर्मन, परशुराम साव, श्याम गुप्ता, बापून आईच, राजू धर, अनीश राणा और प्रताप सिंह सहित कई दुकानदार मौजूद रहे। दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं का न्यायपूर्ण समाधान निकालकर उनके रोजगार और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
Social Plugin