Chandil News: चांडिल प्रखंड क्षेत्र में ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। क्षेत्र की विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर योजनाओं की शुरुआत की तथा ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

3 करोड़ 33 लाख की लागत से बनेगी सड़कें
विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि बानसा-रेयारदा पथ के लपाईबेड़ा से गुटीउली देवरागोड़ा तक 2.8 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस सड़क निर्माण कार्य पर लगभग 2 करोड़ 49 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं दूसरी ओर एनएच-33 से हुमीद ग्राम तक 1.47 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 84 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। दोनों योजनाओं पर कुल 3 करोड़ 33 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। बेहतर सड़क संपर्क होने से गांवों का सीधा जुड़ाव बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों से होता है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है और सड़क, बिजली तथा पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश
विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं संवेदकों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय लोगों की भी भागीदारी जरूरी है। ग्रामीणों से उन्होंने निर्माण कार्य की निगरानी करने की अपील की ताकि योजनाओं का लाभ सही तरीके से आम जनता तक पहुंच सके।

चौका में फुलों-झानो मूर्ति स्थल सौंदर्यीकरण का उद्घाटन
इसी क्रम में विधायक सविता महतो ने चांडिल प्रखंड क्षेत्र के चौका पंचायत भवन के समीप विधायक योजना से निर्मित क्रांतिकारी वीरांगना फूलों-झानो मूर्ति स्थल के सौंदर्यीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने विधिवत शिलापट्ट अनावरण कर परियोजना का उद्घाटन किया तथा वीरांगनाओं की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने कहा कि इस सौंदर्यीकरण कार्य पर 4 लाख 69 हजार 700 रुपये की लागत आई है। उन्होंने कहा कि फुलों-झानो जैसी वीरांगनाओं का इतिहास आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर झामुमो के कई नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, शंकर लायेक, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, लंबोदर महतो, भादूडीह पंचायत के मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा, अरुण टुडू, राहुल वर्मा, कुनाराम मांझी, सुखलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जनता मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह देखने को मिला।