Jamshedpur News : जमशेदपुर की होनहार छात्रा आदित्यपुर निवासी शांभवी तिवारी ने ISC 12वीं (बायो साइंस) परीक्षा 2026 में 100% अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक–1 हासिल कर पूरे देश में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। शांभवी की इस सफलता ने न केवल उनके परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि जमशेदपुर और झारखंड राज्य को भी गौरवान्वित किया है।


कुणाल ने घर पहुंचकर दी बधाई
इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में कुणाल षड़ंगी स्वयं शांभवी तिवारी के आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने अंगवस्त्र, पुष्प गुच्छ और उपहार देकर शांभवी को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और इस सफलता पर अपनी खुशी जाहिर की।


झारखंड के लिए गौरव का क्षण
कुणाल षड़ंगी ने कहा कि शांभवी की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य के शैक्षणिक स्तर को भी राष्ट्रीय पहचान दिलाती हैं। शांभवी ने साबित कर दिया है कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनी शांभवी
उन्होंने आगे कहा कि शांभवी तिवारी की यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणास्रोत है। ऐसे उदाहरण छात्रों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हैं। शांभवी की मेहनत और लगन हर छात्र के लिए एक सीख है कि सही दिशा में प्रयास करने से सफलता निश्चित है।


परिवार ने सबों का जताया आभार
इस मौके पर शांभवी तिवारी के परिवारजनों ने कुणाल षड़ंगी का आभार व्यक्त किया। परिवार ने कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का पल है। उन्होंने सभी शुभचिंतकों और समाज के लोगों का धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस सफलता पर उन्हें बधाई दी।

सफलता का श्रेय मेहनत और मार्गदर्शन को
शांभवी तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच उनकी सफलता के मुख्य आधार रहे। इस अवसर पर मनोज चौधरी, गणेश चौधरी, इंदरजीत सिंह और प्रतीक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने शांभवी को शुभकामनाएं दीं।