Jamshedpur News: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं झारखंड विधानसभा के पूर्व सदस्य, पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के ज्येष्ठ पुत्र स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की 17वीं पुण्यतिथि पर झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्वी सिंहभूम जिला समिति द्वारा साकची स्थित झामुमो संपर्क कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा और भावनात्मक स्मृतियों से भरा रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के सपनों के अनुरूप झारखंड के विकास और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। झामुमो के केंद्रीय सदस्यों, जिला समिति के पदाधिकारियों, महानगर संयोजक मंडली के सदस्यों तथा कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के संघर्षमय जीवन और झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया। सभी ने उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

विक्टर सोरेन ने कार्यकर्ताओं का किया आह्वान
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने झारखंड आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि आज झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं को उनके मार्गदर्शन और विचारधारा पर चलने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन से निर्मित राज्य के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ यहां निवास करने वाले आदिवासी, मूलवासी, दलित, अल्पसंख्यक समेत सभी वर्गों के नागरिकों के चहुंमुखी विकास का सपना स्वर्गीय दुर्गा सोरेन ने देखा था। उस सपने को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

अबुआ सरकार पर जताया विश्वास
विक्टर सोरेन ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही अबुआ सरकार झारखंड के लोगों के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी को निष्ठापूर्वक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा से झारखंड की अस्मिता, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है।

कुणाल षाडंगी ने आंदोलन के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की जनता को अपने अस्तित्व और अधिकारों की रक्षा के लिए एक बार फिर आंदोलनकारी भावना को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज जरूरत इस बात की है कि युवा पीढ़ी झारखंड आंदोलन के इतिहास को समझे और राज्य की संस्कृति, पहचान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, सागेन पूर्ति, नासिर खान, लालटू महतो, दल गोविंद लोहरा, खुददू उरांव, योगेंद्र निराला, उमाकांत झा, सरोज महापात्रा, अंकित सिंह, प्रह्लाद लोहरा, प्रीतम हेंब्रम, अभय पांडेय, फैयाज खान, कृपाल सिंह, बाल्ही मार्डी, इंदरपाल सिंह भाटिया, सुखलाल टुडू, प्रकाश चंद्र झा, अरुण प्रसाद, सविता सिंह, सविता दास, बुद्धज मुर्मू, बिनोद रजक, उमेश गिरी, राजकुमार सिंह, बिनोद दे, चंदन महतो समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।