Jamshedpur News : सुंदरनगर स्थित तुरामडीह क्लब में शनिवार को जोहार संवाद कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम के प्रथम सत्र में समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक और राजनीतिक पहलुओं पर गहन चिंतन-मंथन किया गया. साथ ही आदिवासी समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर खुलकर चर्चा की गयी. कार्यक्रम में बतौर अतिथि जाेहार ट्रस्ट के अध्यक्ष-पिंटू चाकिया, सामाजिक कार्यकर्ता ब्लास्टर केराई, रायमुनी बुढ़िउलि, संजय अलडा, राजू बंधु पाड़ेया, सोमबारी कुंटिया, गालाय पूर्ति मौजूद थे. जोहार ट्रस्ट के अध्यक्ष-पिंटू चाकिया ने कहा कि इस महोत्सव का मुख्य मकसद आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को सामने लाना और उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है. यह मंच केवल उत्सव नहीं, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान और समाज के विकास की दिशा तय करने का भी अवसर बनेगा. उन्होंने कहा कि समाज को सही दिशा में ले जाने के लिए आपसी संवाद जरूरी है. संवाद होगा तो हर समस्या का समाधान भी निकलेगा.



हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाये: सोमबारी

ओडिशा से आये सोमबारी कुंटिया ने कहा कि आदिवासी हो समाज लंबे समय से सरना धर्म को मान्यता देने व हो भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग करते आ रहे हैं. लेकिन अभी तक हो समाज को संवैधानिक पहचान नहीं मिल सका है. उन्होंने कहा कि हो समाज तमाम लोगों को अपने-अपने क्षेत्र में एकजुट होकर आवाज उठाते रहना होगा.


समाज की शैक्षणिक स्थिति को मजबूत बनाना होगा: संजय

संजय अलडा ने कहा कि आदिवासी समाज सामाजिक व सांस्कृतिक रूप से काफी समृद्ध व विकसित है. लेकिन शैक्षणिक रुप से कमजोर होने की वजह आगे नहीं बढ़ पा रहा है. इसलिए समाज के पारंपरिक व्यवस्था के प्रमुख, शिक्षाविद, समाजसेवी शैक्षणिक स्थिति को दुरस्त करने के लिए अपना योगदान दे.

समाज उत्थान के लिए विशिष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

जाेहार ट्रस्ट की ओर से समाज उत्थान के लिए विशिष्ट कार्य करने वाले 11 लोगों को सम्मानित किया गया. ट्रस्ट की ओर से उन्हें शॉल ओढ़ाकर व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. सम्मानित होने वालों में गालाय पूर्ति (चाईबासा), राजू बंधु पाड़ेया (पश्चिम बंगाल), संजय अलडा (कुमारडुंगी), तपन सांता (पश्चिम बंगाल), मंजू सिंकू (चाईबासा), अजंकय बिरूआ (जमशेदपुर), अमिना गागराई (खरसावां), सोमबारी कुंटिया (ओडिशा), सीता सिंकू (कुमारडुंगी) व डेनियल सुंडी (झींकपानी) आदि प्रमुख हैं.


बिष्टुपुर गोपाल मैदान में जोहार ट्रस्ट का ग्रैंड फिनाले आज

बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में रविवार को जोहार ट्रस्ट का ग्रैंड फिनाले का आयोजन होगा. देशभर से चयनित डांस टीम्स अपनी प्रस्तुति देंगे.ऑडिशन के जरिए चुनी गई 16 बेहतरीन टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी. इस ग्रैंड फिनाले में बतौर जज प्रसिद्ध डांस रियलिटी शो की विजेता स्नेहा चक्रवर्ती शिरकत कर रही हैं.आदिवासी और क्षेत्रीय फिल्मों के अभिनेता-अभिनेत्री मंच साझा करेंगे. इससे पूर्व दोपहर 3 बजे से गोपाल मैदान में 11 राज्यों से आये आदिवासी कलाकार मांदर व नगाड़े की थाप पर पारंपरिक मागे नृत्य की प्रस्तुति देंगे.