रांची: झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने बहुप्रतीक्षित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JHTET) 2026 के लिए आवेदन तिथियों की घोषणा कर दी है। जारी आधिकारिक विज्ञापन के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 21 अप्रैल 2026 से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार परीक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं, जिनमें भाषा विकल्प और पुराने अभ्यर्थियों के लिए नई प्रक्रिया शामिल है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और 2024 अभ्यर्थियों के लिए नियम
जैक द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल पर जाकर सभी आवश्यक जानकारी भरनी होगी। खास बात यह है कि वर्ष 2024 में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी इस बार पुनः आवेदन करना अनिवार्य होगा। उन्हें अपनी भाषा-द्वितीय (Language-II) का चयन दोबारा करना होगा और पोर्टल पर नई जानकारी भरनी होगी। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन शुल्क नहीं देना पड़ेगा, जिससे उन्हें राहत मिलेगी।
परीक्षा पैटर्न और स्तर की जानकारी
जेटेट परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी। पहला स्तर प्रारंभिक विद्यालय (कक्षा 1 से 5) के लिए होगा, जबकि दूसरा स्तर उच्च प्राथमिक विद्यालय (कक्षा 6 से 8) के लिए निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी चाहें तो दोनों स्तर की परीक्षाओं में शामिल हो सकते हैं। प्रत्येक परीक्षा के लिए ढाई घंटे (2.5 घंटे) का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, दृष्टिबाधित और दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 30 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ (Objective Type) होंगे, जिससे अभ्यर्थियों को सही विकल्प चुनना होगा।
न्यूनतम अंक और नई भाषा ‘भूमिज’ शामिल
इस बार जेटेट परीक्षा में पहली बार ‘भूमिज’ भाषा को शामिल किया गया है, जो झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। परीक्षा में सफल होने के लिए अलग-अलग वर्गों के लिए न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं।
- सामान्य एवं ईडब्ल्यूएस
वर्ग: 60% अंक - ओबीसी
वर्ग: 55% अंक - एसटी, एससी एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय
समूह: 52% अंक
यह आरक्षण नीति के अनुरूप कटऑफ तय किया गया है, जिससे सभी वर्गों को समान अवसर मिल सके।

Social Plugin