जमशेदपुर : टाटा-हाता मेन रोड स्थित डेटन इंटरनेशनल स्कूल, तेतला परिसर में छात्रों के लिए एक दिवसीय मोटिवेशनल वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीआईआई झारखंड के निदेशक प्रभात कुमार और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल), मुंबई से महाप्रबंधक (मानव संसाधन) रोजलिना डुंगडुंग उपस्थित हुए।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि स्कूल के विद्यार्थियों ने हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा में भाग लिया था, जिसमें लगभग 20 छात्रों ने सफलता हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया। इस मौके पर सभी रैंक होल्डर बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सीआईआई झारखंड के निदेशक प्रभात कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए भविष्य में औद्योगिक क्षेत्र की बढ़ती मांग और करियर के नए अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए एकाग्रता, समर्पण और लगातार सीखते रहना बहुत जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि जीवन में सफलता सिर्फ परीक्षा के अंकों पर निर्भर नहीं करती। साथ ही उन्होंने बच्चों को मोबाइल का सही और सीमित उपयोग करने की सलाह दी।
एचपीसीएल की महाप्रबंधक रोजलिना डुंगडुंग ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगी परीक्षाएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते महत्व और भविष्य में इसके अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।
स्कूल के सचिव बसंत तिर्की ने बताया कि इस वर्ष से स्कूल परिसर में ही नीट और जेईई की तैयारी शुरू कराई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों की भाषाई क्षमता को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल सामाजिक दायित्व निभाते हुए नियमित कक्षाओं के बाद आसपास के ग्रामीण बच्चों को क्षेत्रीय भाषा, विज्ञान, गणित और तकनीकी शिक्षा भी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का संचालन स्कूल के बच्चों ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत इंचार्ज मुनमुन तिर्की ने किया। इस अवसर पर स्कूल के उपाध्यक्ष बैद्यनाथ मांडी समेत कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।