नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश, एनकोर्ड बैठक में समन्वित कार्रवाई पर जोर

जमशेदपुर:समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, रोकथाम के उपायों तथा जागरूकता अभियान को सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।
बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से बागबेड़ा, जुगसलाई, बर्मामाइंस सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस एवं उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने और खुफिया सूचना तंत्र को और मजबूत करने पर बल दिया गया। साथ ही समय-समय पर बस, ऑटो, ट्रक और स्कूल वैन चालकों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं को सक्रिय रखने पर भी विशेष बल दिया गया, ताकि प्रभावित व्यक्तियों को सही मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। सभी संबंधित विभागों को नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि कार्यों की सतत निगरानी हो सके।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। नागरिक ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन या परिवहन की जानकारी टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर उपलब्ध करा सकते हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पाण्डेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद सहित सभी पुलिस उपाधीक्षक, रेल डीएसपी एवं अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments