बालीगुमा पावर ग्रिड में तीसरा 50 एमवी ट्रांसफॉर्मर लगाया

जमशेदपुर: शहर की बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बालीगुमा पावर ग्रिड में बुधवार को 50 एमवीए क्षमता का तीसरा अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया। इस ट्रांसफॉर्मर को फिलहाल “स्टैंडबाय” मोड में रखा जाएगा, ताकि आपात स्थिति में इसका उपयोग किया जा सके।
वर्तमान में बालीगुमा पावर ग्रिड में पहले से ही 50-50 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफॉर्मर कार्यरत हैं। विभाग का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ने या किसी ट्रांसफॉर्मर में खराबी आने की स्थिति में तीसरा ट्रांसफॉर्मर तुरंत चालू कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर को जोड़ने के कार्य के चलते बुधवार को निर्धारित समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रखी गई। डिमना पावर सबस्टेशन, बालीगुमा पावर ग्रिड और गाजाडीह पावर सबस्टेशन से जुड़े सभी फीडरों को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बंद रखा गया। इस कारण मानगो क्षेत्र के कई इलाकों में करीब दो घंटे तक बिजली गुल रही।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से डिमना बस्ती, शंकोसाई (रोड नंबर 1 से 5), संजय पथ, टीचर्स कॉलोनी, आदर्श कॉलोनी, हिलव्यू, बालीगुमा, भिलाईपहाड़ी, एनएच-33, मून सिटी और मानगो बाजार सहित कुल 19 मोहल्लों के लोग प्रभावित हुए। हालांकि विभाग ने पहले ही इसकी सूचना जारी कर दी थी, जिससे लोगों को आंशिक रूप से तैयारी का मौका मिल सका।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर आने वाले गर्मी के मौसम को देखते हुए लगाया गया है, जब बिजली की खपत अपने चरम पर होती है। इस व्यवस्था से ओवरलोड की स्थिति में बैकअप उपलब्ध रहेगा और बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने हालांकि दो घंटे की कटौती को लेकर कुछ असुविधा जताई, लेकिन भविष्य में बेहतर बिजली आपूर्ति की उम्मीद भी व्यक्त की। विभाग का कहना है कि इस तरह के सुधारात्मक कार्य आगे भी जारी रहेंगे, जिससे शहर की बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments