परसुडीह में सड़क निर्माण में अनियमितता पर हंगामा, ठेकेदार को 2 दिन में सुधार का अल्टीमेटम

जमशेदपुर : परसुडीह क्षेत्र में सरजामदा शिव मंदिर से बाबनगोड़ा चौक तक बन रही पीसीसी सड़क के निर्माण कार्य में अनियमितता सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। करीब 2.84 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने विरोध जताते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
ग्रामीणों की शिकायत पर जेई शिशिर कुमार और जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं पायी गयीं, जिससे ग्रामीणों की शिकायत सही साबित हुई। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ठेकेदार को कड़ी फटकार लगायी और निर्माण कार्य में सुधार के निर्देश दिए।
जांच में यह सामने आया कि ठेकेदार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार 8 इंच मोटी ढलाई करने के बजाय केवल 6 इंच ही ढलाई की जा रही थी। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी घटिया निर्माण की शिकायत की गई थी, लेकिन चेतावनी के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति ने कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद पहले भी ठेकेदार को चेतावनी दी गई थी, लेकिन दोबारा अनियमितता सामने आने से लोगों में नाराजगी है।
वहीं, जेई शिशिर कुमार ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर सड़क निर्माण में हुई गड़बड़ियों को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अनियमितता पाई गई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता और मानकों का पालन जरूरी है, ताकि लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित सड़क मिल सके।
फिलहाल प्रशासन की सख्ती के बाद ठेकेदार पर दबाव बढ़ गया है और अब यह देखना होगा कि तय समय सीमा में कार्य में सुधार होता है या नहीं।

Post a Comment

0 Comments