जमशेदपुर में बकरी चोरी का खुलासा: ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, 12 बकरियां बरामद

जमशेदपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बकरी चोरी के एक मामले में स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी को पकड़ लिया गया। यह घटना परसुडीह थाना क्षेत्र की है, जहां ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए चोरी का खुलासा कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हितकु निवासी लाल बाबू सिंह की कुछ दिन पहले दो बकरियां चोरी हो गई थीं। इस घटना के बाद उन्होंने हार मानने के बजाय समझदारी दिखाते हुए एक संदिग्ध कार का नंबर अपने मोबाइल में नोट कर लिया था। इसके बाद से वे लगातार उस वाहन की तलाश में जुटे हुए थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को वही संदिग्ध कार एक बार फिर हितकु इलाके में दिखाई दी। कार को देखते ही लाल बाबू सिंह सतर्क हो गए और तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीछा करते-करते वे परसुडीह तक पहुंच गए, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी दी।
परसुडीह पहुंचने पर ग्रामीणों की मदद से उस कार को घेरकर रोक लिया गया। कार में कुल तीन लोग सवार थे। अचानक घिरते देख दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद जब लोगों ने कार की तलाशी ली तो उसमें से कुल 12 बकरियां बरामद हुईं।
इतनी बड़ी संख्या में बकरियां मिलने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और आक्रोशित भीड़ ने पकड़े गए युवक की जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से आरोपी युवक को सुरक्षित निकालकर अपने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से कार को भी जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की यह घटना किसी बड़े गिरोह से जुड़ी है या नहीं। वहीं, स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की जा रही है, जिससे चोरी की वारदात का खुलासा संभव हो सका।

Post a Comment

0 Comments