खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने को लेकर भाजपा का जनसमर्थन अभियान

 तीन प्रमुख स्थानों पर चला हस्ताक्षर अभियान, लगभग 3,500 लोगों ने दर्ज कराया समर्थन


जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी परसुडीह मंडल की ओर से खासमहाल–गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रविवार को व्यापक जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चांदनी चौक, त्रिवेणी टॉवर चौक और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर आयोजित किया गया। अभियान के प्रति स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया और लगभग 3,500 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया। जनसमर्थन हस्ताक्षर अभियान में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। मौके पर जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, पंचायत समिति सदस्य रूद्र मुंडा, विजय विश्वकर्मा, अजय सिंह, विनोद सिंह, रामप्रसाद जायसवाल, गिरिजा रंजन, दुर्गा सेनापति, आरती ओझा, बीना शर्मा, शर्मिष्ठा चक्रवर्ती, प्रकाश सांडील, विवेक मुंडा, दीपक बरनवाल, विश्वजीत चक्रवर्ती, जयंतो दास, राजेश कुमार शर्मा, केदार मंडल, राजेश कुमार सिंह, वीर बहादुर कुशवाहा, मनोज कुमार सिंह, शुभाशीष जी, रवि शर्मा और लाला कंजे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।



बदहाल सड़क से आम जनता और व्यवसायी परेशान

अभियान के दौरान वक्ताओं ने कहा कि खासमहाल–गोविंदपुर मार्ग क्षेत्र की लाइफलाइन है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा रहने के कारण स्थानीय निवासियों, व्यवसायियों, राहगीरों और वाहन चालकों को प्रतिदिन उड़ती धूल और गड्ढों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता की मांग है कि इस महत्वपूर्ण सड़क के अधूरे निर्माण कार्य को जल्द से जल्द गति दी जाए।

जनता के पैसे का सदुपयोग और गुणवत्ता जरूरी : राम सिंह मुंडा

भाजपा प्रदेश नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि लगभग 18 करोड़ 40 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिए। जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्य को टिकाऊ और मानक के अनुरूप पूरा कराना प्रशासन व संबंधित विभाग की नैतिक जिम्मेदारी है।



अनियमितता और लापरवाही के खिलाफ उठेगी आवाज

राम सिंह मुंडा ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जनहित से जुड़ी इस सड़क के निर्माण में किसी भी तरह की अनियमितता या ढिलाई के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अनावश्यक रूप से काम को लटकाने की बजाय पारदर्शी तरीके से तेजी लाए ताकि क्षेत्र के लोगों को जर्जर सड़क से स्थाई राहत मिल सके।

कार्य पूरा होने तक जारी रहेगा शांतिपूर्ण आंदोलन : सुमित शर्मा

परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान में जिस प्रकार से आम जनता का स्वतःस्फूर्त समर्थन मिला है, उससे साफ है कि लोग लंबे समय से सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं। संबंधित विभाग और जिला प्रशासन को जनभावनाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। शर्मा ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा नहीं हो जाता, तब तक भाजपा का यह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।