जर्जर सड़क से परेशान नयाग्राम के ग्रामीणों की गुहार पर पहुंचे कुणाल षाड़ंगी, उपायुक्त से की बात

Jamshedpur News : बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत डोमजुड़ी पंचायत के नयाग्राम गांव के लोग इन दिनों खस्ताहाल सड़क के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. ग्रामीणों के लगातार आग्रह और शिकायत के बाद झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने क्षेत्र का दौरा किया. उन्होंने नयाग्राम चौक से नयाग्राम गांव तक जाने वाली सड़क की बदहाली का जायजा लिया. बारिश के कारण पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है.निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक के साथ झामुमो के वरिष्ठ नेता आदित्य प्रधान, संजीव रथ, सुनील जेना, देवाशीष पात्रा और सतवंत गिरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा डोमजुड़ी पंचायत और नयाग्राम के बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं युवा भी मौके पर मौजूद थे.

बारिश के कारण जर्जर हुई सड़क, ग्रामीणों ने सुनायी व्यथा
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी को सड़क की दयनीय स्थिति से अवगत कराया. ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के पानी के तेज बहाव और जलजमाव के कारण सड़क जगह-जगह से कटकर गड्ढों में बदल गई है. इस मार्ग से होकर प्रतिदिन दर्जनों स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों का आना-जाना होता है. सड़क जर्जर होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चलना तो दूर, पैदल चलना भी दूभर हो गया है. ग्रामीणों ने पूर्व विधायक से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कराने की गुहार लगायी.

मौके से ही उपायुक्त को फोन कर स्थिति से कराया अवगत
सड़क की गंभीर स्थिति को देखते हुए झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने बिना कोई देरी किए मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से जिला उपायुक्त से संपर्क साधा. उन्होंने उपायुक्त को नयाग्राम की बदहाल सड़क और ग्रामीणों को हो रही भारी असुविधा की जानकारी दी. उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि विभागीय प्रक्रिया में समय लगने की स्थिति में फिलहाल आपातकालीन तौर पर सड़क पर मुरुम या गिट्टी डालकर भराव का कार्य कराया जाये, ताकि तत्काल प्रभाव से आवागमन सुचारु हो सके.

उपायुक्त ने दिया आश्वासन, जल्द शुरू होगा मरम्मत कार्य
पूर्व विधायक से बातचीत के दौरान जिला उपायुक्त ने त्वरित संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों को राहत देने का पूर्ण आश्वासन दिया. उपायुक्त ने कहा कि विभागीय स्तर पर पक्की सड़क के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने तक अस्थायी व्यवस्था की जायेगी. उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही सड़क पर फिलिंग करवाकर इसे आवागमन के लायक बना दिया जायेगा, जिससे ग्रामीणों को दैनिक आवाजाही में किसी प्रकार की कठिनाई न हो.