भुईयां समाज को आदिम जनजाति का दर्जा देने की मांग

Jharkhand News : महापंचायत के दूसरे चरण के तहत सोमवार को हजारीबाग स्थित जन विकास केंद्र में भुईयां समाज की जिला महापंचायत आयोजित की गयी. इसमें समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ भुईयां समाज को पूरे देश में आदिम जनजाति का दर्जा देने की मांग प्रमुखता से उठायी गयी. कार्यक्रम में भुईयां समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व मंत्री दुलाल भुईयां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.

समाज की एकजुटता से अधिकारों की लड़ाई होगी मजबूत

महापंचायत को संबोधित करते हुए दुलाल भुईयां ने कहा कि समाज के विकास और अधिकारों के लिए एकजुटता जरूरी है. सभी लोगों को संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी. उन्होंने कहा कि भुईयां समाज को देशभर में आदिम जनजाति का दर्जा दिलाने के लिए संगठित तरीके से प्रयास किया जायेगा. सामाजिक एकता को मजबूत कर ही समाज के हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाया जा सकता है.

एक मुट्ठी चावल और एक रुपये से बनेगा सामाजिक फंड

दुलाल भुईयां ने प्रत्येक परिवार से सामाजिक फंड को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हर परिवार प्रतिदिन एक मुट्ठी चावल और एक रुपये का संग्रह करे. इससे तैयार होने वाले फंड का इस्तेमाल गरीब बच्चों की स्कूली व उच्च शिक्षा, जरूरतमंदों के इलाज तथा कमजोर परिवारों के आर्थिक उत्थान में किया जायेगा. उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशामुक्ति अभियान चलाने तथा दहेज प्रथा के खिलाफ सामाजिक स्तर पर आवाज उठाने की अपील की.

बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया

महापंचायत में शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताते हुए लोगों को बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप भुईयां, विशिष्ट अतिथि नुनु लाल भुईयां, हजारीबाग जिलाध्यक्ष महेंद्र राम बिहारी, बड़कागांव प्रमुख हेमंत भुईयां समेत कई पदाधिकारी व समाज के लोग मौजूद थे. संचालन जिला सचिव रंजीत राम भुईयां ने किया. हजारीबाग कार्यक्रम के बाद दूसरे चरण के तहत दुलाल भुईयां मंगलवार को कोडरमा में आयोजित महापंचायत में शामिल होंगे.