बिष्टुपुर गोपाल मैदान में उपायुक्त राजीव रंजन ने फहराया तिरंगा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित

Jamshedpur News: जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने परेड निरीक्षण के बाद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और उसे सलामी दी। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, नगर आयुक्त जेएनएसी, अपर उपायुक्त, निदेशक एनईपी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जिलावासियों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

उपायुक्त ने वीर शहीदों को किया नमन, विकास का संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने पूर्वी सिंहभूम के सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, महापुरुषों और वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि झारखंड की धरती वीरता, संघर्ष, त्याग और जनभागीदारी की समृद्ध परंपरा की साक्षी रही है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
उपायुक्त ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में मिली उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, जेएसएलपीएस, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, आईटीडीए एवं कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, पशुपालन, श्रम, नगर निकाय, राजस्व, परिवहन और निर्वाचन क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना, युवाओं को अवसर उपलब्ध कराना और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

वीर नारी और उत्कृष्ट कर्मियों को मिला सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने वीर नारी श्रीमती कनकलता, पति शहीद नायक अखिलेश श्रीवास्तव, ब्रिगेड ऑफ द गार्ड्स रेजिमेंट, को सम्मानित किया। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, निर्वाचन और पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परेड में रैंजर गर्ल्स ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्काउट बॉयज को द्वितीय और गाइड गर्ल्स को तृतीय स्थान मिला। विजेता दलों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त के आवासीय कार्यालय, समाहरणालय, रेडक्रॉस भवन, एसएसपी आवासीय कार्यालय, एसएसपी कार्यालय और पुलिस लाइन समेत विभिन्न स्थानों पर भी ध्वजारोहण किया गया। उप विकास आयुक्त ने आईटीडीए कार्यालय में तिरंगा फहराया। धालभूम और घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। जिला जनसंपर्क कार्यालय में उप निदेशक जनसंपर्क-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा सभी जिला स्तरीय कार्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों, स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई।