Jamshedpur News: जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत गदरा गांव में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नव निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगल कालिंदी ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और इस उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
विधायक मंगल कालिंदी ने किया उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक मंगल कालिंदी ने फीता काटकर और उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन कर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। अब गदरा और आसपास के गांवों के लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों से लोगों को बेहतर और नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की रही सक्रिय भागीदारी
उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, प्रमुख पानी सोरेन, पंचायत समिति सदस्य सोमबारी पात्रो, समाजसेवी सोमा देवी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य विश्वजीत भगत, बिरजू पात्रो, मिथुन चक्रवर्ती, विवेक गुप्ता, सतवीर बगै, राकेश सिंह तथा रमेश उपाध्याय उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने उप स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके गांव के समीप ही उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के बेहतर संचालन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
स्वास्थ्य विभाग और टाटा स्टील फाउंडेशन की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अन्ना गुड़िया, एएनएम पूनम कुमारी, एमवर टोप्पनो, एमपीओ कौशल सिन्हा तथा टाटा स्टील फाउंडेशन की प्रतिनिधि दुमनी जी मौजूद रहीं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से प्राथमिक उपचार, टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों की स्वास्थ्य सेवाएं तथा विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी होगी।
ग्रामीणों ने जताई खुशी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उम्मीद
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र की सभी स्वास्थ्य सहियाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने लंबे समय से उप स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकता महसूस की थी और इसके शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य केंद्र के नियमित संचालन से इलाज के लिए शहरों पर निर्भरता कम होगी और समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वास्थ्य केंद्र को जनसेवा का प्रभावी माध्यम बनाने और क्षेत्र के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
Social Plugin