जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए हुआ गठन
Jamshedpur News: क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से मंगलवार को करनडीह में सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता आरटीआई कार्यकर्ता कृतिवास मंडल ने की। इसमें क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक जवाबदेही और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आम लोगों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने और उनके समाधान के लिए सामाजिक संगठन का गठन किया जाए। इसी उद्देश्य से ‘जन उलगुलान मोर्चा’ का गठन किया गया। संगठन का लक्ष्य क्षेत्र के लोगों की आवाज को मजबूती देना और जमीनी स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए लगातार पहल करना तय किया गया।
कृतिवास मंडल बने मुख्य संयोजक, 13 सदस्यीय संयोजक मंडली गठित
बैठक के दौरान संगठन को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए सर्वसम्मति से 13 सदस्यीय संयोजक मंडली का गठन किया गया। इसमें कृतिवास मंडल को मुख्य संयोजक की जिम्मेदारी दी गयी। वहीं लक्ष्मी बारदा, शंकर हेंब्रम, अजय कुमार मंडल, जमुना हांसदा, भरत सिंह, सुनील कुमार प्रसाद, सावन मुर्मू, लक्ष्मण किस्कू, विप्लव कौर, चुन्नू हेंब्रम और भैरव महतो को संयोजक मंडली में शामिल किया गया। नवनिर्वाचित संयोजक मंडली ने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल के बजाय सामाजिक मंच के रूप में जनहित के मुद्दों को उठाने का काम करेगा। क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, रोजगार समेत आम जनता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष पहल की जाएगी।
ग्राम पंचायतों का दौरा कर चिन्हित की जाएंगी जमीनी समस्याएं
जन उलगुलान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता प्रत्येक ग्राम पंचायत का दौरा करना होगी। इसके तहत पंचायत और गांव स्तर पर लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली जाएगी। समस्याओं को सूचीबद्ध करने के बाद उनके समाधान के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जाएगा।
संगठन की ओर से गांव-गांव में युवाओं, बुद्धिजीवियों, महिलाओं और समाजसेवियों को जोड़कर स्थानीय कमेटियों का गठन भी किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समझने और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। संयोजक मंडली का कहना है कि जनभागीदारी के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा, ताकि किसी भी क्षेत्र की समस्या को अनदेखा न किया जा सके।
पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए काम करेगा मोर्चा
संयोजक शंकर हेंब्रम ने कहा कि जन उलगुलान मोर्चा का उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के आम जनता की आवाज बनना है। संगठन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित के लिए लगातार काम करेगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और संबंधित विभागों से समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रयास रहेगा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मजबूत सामाजिक मंच मिले। जन उलगुलान मोर्चा आने वाले दिनों में पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित कर लोगों को संगठन से जोड़ेगा। इसके साथ ही स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
Social Plugin