कदमा उलियान में शहीद निर्मल महतो को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

Jamshedpur News: झारखंड आंदोलन के महानायक और वीर शहीद निर्मल महतो के 39वें शहादत दिवस पर शनिवार को कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। उन्होंने शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की धरती को हमारे महापुरुषों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। वीर शहीद निर्मल महतो जैसे बलिदानियों के संघर्ष और कुर्बानी की बदौलत ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा, निर्मल महतो का नाम रहेगा। ऐसे महापुरुषों को पूरा झारखंड हृदय से नमन करता रहेगा।

झारखंड न कभी झुका है, न झुकेगा : हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड आंदोलन की धरती है और यहां के लोगों ने अपने अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की अस्मिता, अधिकार और पहचान के लिए संघर्ष करने वाले महापुरुषों के सपनों को आगे बढ़ाना सभी झारखंडियों की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड न कभी झुका है और न आगे झुकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अबुआ सरकार के विरोधी और षड्यंत्रकारी समय-समय पर राज्य को अस्थिर करने की कोशिश करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी चाहे कितनी भी साजिश रच लें, झारखंडी इससे विचलित होने वाले नहीं हैं। राज्य के लोग लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे और अपना वाजिब हक लेकर रहेंगे।

सविता महतो के मार्गदर्शन में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

श्रद्धांजलि आमसभा का आयोजन शहीद परिवार की बहू, झामुमो की केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ विधायक सविता महतो के मार्गदर्शन और पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन की अध्यक्षता में किया गया। मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और आम लोग कदमा उलियान स्थित समाधि स्थल पर जुटे थे। मुख्यमंत्री के अलावा बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद सुमन महतो, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू समेत कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा में प्रमुख आंदोलनकारी मोहन कर्मकार, आस्तिक महतो, शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, गुरुचरण किस्कू, चारुचंद किस्कू, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति ने किया।

साकची और बिष्टुपुर में भी शहीद निर्मल महतो को नमन

शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह करीब 10 बजे जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में साकची स्थित जिला जनसंपर्क कार्यालय में शहीद निर्मल महतो के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद जिला समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वरीय नेताओं के साथ बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के शहीद स्थल पहुंचे। यहां शहीद निर्मल महतो की वेदी और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीद निर्मल महतो के परिवार के कई सदस्य भी मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए झारखंड के निर्माण में उनके योगदान को नमन किया।

हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प, बलिदान की विरासत आगे बढ़ाने का आह्वान

कदमा उलियान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हजारों की संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और आमजन पहुंचे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने शहीद निर्मल महतो के बताए रास्ते पर चलने और झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, सचिव बैद्यनाथ टुडू, समाजसेवी विकास सिंह, सरोज महापात्रा, दल गोविंद लोहारा, नरोतम दास, सपन राय, गोल्डी तिवारी, बंटी सिंह, कवलजीत कौर गिल, चरणजीत कौर, गंगा देवी, दुर्गा बोयपाई, मायावती टुडू, रानी सिंह, द्रौपदी मुंडा, फैयाज अहमद खान, गोपाल महतो, अंकित सिंह, पीके राय, इंद्रजीत घोष, नरेश मुर्मू, विश्वनाथ महतो, धनंजय महतो, जाबिर हुसैन समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने शहादत दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए झामुमो के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों का आभार जताया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद निर्मल महतो के बलिदान को याद करते हुए झारखंड की एकता, अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया गया।