ब्रेकिंग न्यूज़:
फीड लोड हो रही है...

Jamshedpur News: डीसी ने गुड़ाबांदा-धालभूमगढ़ प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण, राजस्व और विकास योजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गुरुवार को गुड़ाबांदा एवं धालभूमगढ़ प्रखंड और अंचल कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था, राजस्व कार्यों तथा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यालयी कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी मौजूद रहे।

कार्यालयी व्यवस्था और अभिलेखों की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी, संचिकाओं, अभिलेखों तथा अन्य कार्यालयी रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने, कार्यालयों में अनुशासित एवं पारदर्शी कार्य संस्कृति विकसित करने तथा प्रत्येक मामले का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर

अंचल कार्यालयों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन तथा भूमि विवाद से जुड़े मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अंचल अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन किया जाए। साथ ही राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आम लोगों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सके।

विकास योजनाओं की गुणवत्ता और समयसीमा पर फोकस

प्रखंड कार्यालयों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, प्रधानमंत्री एवं राज्य आवास योजनाओं सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर बल दिया। साथ ही निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा कार्यान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर और केजीबीवी का भी किया निरीक्षण

क्षेत्र भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने गुड़ाबांदा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सेवा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। आवासीय विद्यालय में छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

सुशासन और जवाबदेही पर उपायुक्त का जोर

निरीक्षण के समापन पर उपायुक्त राजीव रंजन ने बीडीओ और सीओ को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन की सबसे बड़ी पहचान समयबद्ध सेवा वितरण और आमजन का विश्वास है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा विकास योजनाओं और राजस्व सेवाओं का लाभ बिना किसी विलंब के आम लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Comments