ब्रेकिंग न्यूज़:
फीड लोड हो रही है...

सुंदरनगर में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, पुरीहासा मौजा में प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

Jamshedpur News: जमशेदपुर के सुंदरनगर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जमशेदपुर अंचल कार्यालय को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसी क्रम में शुक्रवार को सुंदरनगर के पुरीहासा मौजा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
प्रशासन की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से सरकारी भूमि पर बनी अवैध चहारदीवारी को ध्वस्त किया और कब्जा हटाने की कार्रवाई की।

सरकारी प्लॉट संख्या 1297 और 1312 पर कार्रवाई

अभियान के दौरान खाता संख्या-230 के अंतर्गत आने वाले प्लॉट संख्या-1297 और 1312 पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार प्लॉट संख्या-1297 पर साहिर पॉल तथा प्लॉट संख्या-1312 पर सुधा सिंह द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा था। इन जमीनों पर चहारदीवारी और निर्माण कार्य कर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए प्लॉट संख्या-1297 की लगभग 13 डिसमिल तथा प्लॉट संख्या-1312 की करीब 9 डिसमिल जमीन से आंशिक अतिक्रमण हटाया।

दो दिनों के भीतर दस्तावेज जमा करने की चेतावनी

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने संबंधित कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी भी जारी की। अंचल कार्यालय की ओर से निर्देश दिया गया कि दो दिनों के भीतर संबंधित जमीन से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो संबंधित सरकारी भूमि पर बने अन्य निर्माण और ढांचों को भी पूरी तरह हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने प्लॉट संख्या-1312 पर दोबारा कब्जा रोकने के उद्देश्य से सरकारी सूचना बोर्ड भी स्थापित किया है।

खासमहल लीज भूमि पर भी प्रशासन की नजर

इसी बीच खासमहल क्षेत्र में लीज भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण का मामला भी चर्चा में है। जानकारी के अनुसार कोरोना बाजार के आसपास कई स्थानों पर नियमों को नजरअंदाज करते हुए बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्रशासन की ओर से दो बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण गतिविधियां जारी हैं। इस स्थिति ने स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

सरकारी जमीन पर किसी तरह का निर्माण की इजाजत किसी को नहीं है: सीओ 

जमशेदपुर अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने स्पष्ट कहा कि खासमहल की लीज भूमि पर बहुमंजिला इमारत निर्माण के लिए विभाग की ओर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यदि बिना अनुमति के निर्माण कार्य जारी पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वर्ष 2017 में लीज समाप्त होने के बाद इसके नवीकरण की अनुमति नहीं दी गई है, इसके बावजूद कुछ स्थानों पर दुकान, फैक्ट्री और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

अंचल कार्यालय के ठीक सामने स्थित कुछ भूमि का उपयोग शादी-विवाह और निजी आयोजनों के लिए किए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं कुंडू भवन क्षेत्र में मापी कार्य होने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कब्जाधारियों से अपील की कि वे समय रहते दस्तावेज प्रस्तुत करें, अन्यथा अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।


Comments