Jamshedpur: झारखंड आंदोलनकारी वीर शहीद असीम महतो के 33वें शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो सामुदायिक भवन में श्रद्धांजलि सभा एवं मेगा मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वीर शहीद निर्मल महतो स्मारक समिति की ओर से किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सम्मान और जनसेवा का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष लालटू महतो ने की। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, झारखंड आंदोलनकारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल हुए।

विधायक सबिता महतो ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ईचागढ़ विधायक Sabita Mahato थीं। उन्होंने सबसे पहले झारखंड आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो के अनुज एवं वीर शहीद असीम महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। अपने संबोधन में विधायक सबिता महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं को शहीद असीम महतो के संघर्ष, साहस और जुझारूपन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने के लिए नई पीढ़ी को सामाजिक चेतना और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। विधायक ने कहा कि शहीदों का बलिदान समाज और राज्य के विकास के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

झारखंड आंदोलन के योगदान को किया गया याद
कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड आंदोलनकारी आस्तिक महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने झारखंड आंदोलन के दौरान शहीदों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि शहीद असीम महतो का योगदान झारखंड आंदोलन के इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और आंदोलनकारी विरासत से अवगत कराना जरूरी है, ताकि समाज में संघर्ष और अधिकारों के प्रति जागरूकता बनी रहे। श्रद्धांजलि सभा में केंद्रीय समिति सदस्य काब्लू महतो सहित कई राजनीतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें नट्टू झा, मो. नासिर खान, गोपाल महतो, गोविंदा चालक, शिवलाल महतो, अधिवक्ता चिन्मय महतो, अधिवक्ता अचिंतो महतो, भोला चालक, नागेश्वर राव और गौतम कुमार बोस समेत कई गणमान्य लोगों ने शहीद असीम महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेगा मेडिकल हेल्थ कैंप में उमड़ी भीड़
श्रद्धांजलि सभा के बाद आयोजित मेगा मेडिकल हेल्थ कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कैंप में आंख, दांत, रक्तचाप, मधुमेह तथा सामान्य स्वास्थ्य जांच की निःशुल्क व्यवस्था की गई थी। स्वास्थ्य शिविर में लोगों के लिए प्राथमिक जांच के साथ आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं।

स्वास्थ्य विभाग और संजीव नेत्रालय की रही महत्वपूर्ण भूमिका
स्वास्थ्य शिविर में जिला सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। सरिता कुमारी, डॉ. अनंदिता राज, डॉ. वैभव सिंह, डॉ. पथिक पॉल, प्रकाश महतो, टिक्कू बेरा एवं सोनम सिन्हा ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। वहीं संजीव नेत्रालय की ओर से सोनाली शर्मा, नंदा रजक, लक्ष्मी महतो और जितेंद्र मिश्रा ने नेत्र जांच सेवाओं में योगदान दिया। इसके अलावा भारतीय डाक विभाग, भारत सरकार की ओर से उज्ज्वल दास दासगुप्ता, आर. के. दास, नन्द किशोर मेहरा, मनीष कुमार एवं नीरज कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

बड़ी संख्या में लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों एवं संगठनों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रमुख रूप से अशोक सिंह, परिमल सरदार, डी. राकेश राव, राज कुमार राय, शांति दास, हेमंत कुमार, समद महतो, चंदन महतो, प्रकाश चंद्र महतो, शिव शंकर महतो, देवाशीष दे, मुन्ना पाठक, ए. सरकार, सन्यासी हज़ारा, आशीष पोद्दार, हेमंत करूवा, जितेंद्र सिंह, रॉकी सिंह और संदीप महतो सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समिति के अध्यक्ष लालटू महतो ने कहा कि शहीदों की स्मृति को जीवित रखने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।