East singhbhum : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा सरकारी योजनाओं की प्रगति एवं नागरिकों को मिल रही सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार गुरुवार को सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में नियुक्त नोडल पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति को समझना और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं की पहचान करना था।

पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में पहुंची टीम

निरीक्षण के दौरान नोडल पदाधिकारियों ने पंचायतों और नगर क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानें, मनरेगा कार्यस्थल तथा पंचायत भवनों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने इन संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली और सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस

निरीक्षण में विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी सेवाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पोषणयुक्त आहार मिल रहा है या नहीं, विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन हो रहा है या नहीं, तथा स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हैं या नहीं। साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को समय पर और सही मात्रा में खाद्यान्न मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।

विभिन्न प्रखंडों में पदाधिकारियों की सक्रियता

इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में अधिकारियों ने निरीक्षण किया। सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी अनिल टूटी ने जमशेदपुर प्रखंड के दलदली पंचायत, मो. मोजाहिद अंसारी ने पटमदा के ओड़िया पंचायत, निदेशक एनईपी ने गुड़ाबांदा के फॉरेस्ट ब्लॉक, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने धालभूमगढ़ के चुकरीपाड़ा, कार्यपालक दंडाधिकारी सुदीप्त राज ने मुसाबनी के बेनाशोल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डुमरिया के आस्ताकोवाली, चन्द्रजीत सिंह ने बोड़ाम के पोखरिया, अनुमंडल पदाधिकारी ने चाकुलिया के सरडीहा, भूमि सुधार उप समाहर्ता ने बहरागोड़ा के गोपालपुर और पोटका के नारदा, प्रखंड विकास पदाधिकारी ने घाटशिला के झांटीझरना, उप निर्वाचन पदाधिकारी ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति तथा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र का निरीक्षण किया।

जवाबदेही बढ़ाने और समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस निरीक्षण अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की प्रगति का आकलन करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि हर नागरिक तक सरकारी सेवाएं प्रभावी रूप से पहुंचें और किसी भी प्रकार की लापरवाही को समय रहते सुधारा जाए।
नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर तत्काल कार्रवाई करें और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें। यह सतत निरीक्षण एवं अनुश्रवण न केवल प्रशासन की जवाबदेही को मजबूत करता है, बल्कि आम जनता का विश्वास भी बढ़ाता है।