मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित

जमशेदपुर: जिला जनसंपर्क कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बुधवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ-सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, रांची के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
प्रशिक्षण सत्र में पूर्वी सिंहभूम की उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह ने विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान 46-पोटका (अ.ज.जा.), 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व तथा 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के सभी बीएलओ, बीएलओ-सुपरवाइजर एवं शहरी क्षेत्र के अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को पुनरीक्षण प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, आवश्यक दस्तावेजों एवं फील्ड स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी।

तकनीकी पहलुओं पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष रूप से तकनीकी बिंदुओं पर जोर दिया गया। इसमें नोशनल मकान संख्या, मकानों पर लगाए जाने वाले स्टीकर, एएसडीडी (ASDD), लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी (Logical Discrepancy), एसआईआर 2003 (SIR 2003) तथा मैपिंग से संबंधित विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी प्रक्रियाओं के सही क्रियान्वयन से मतदाता सूची में डुप्लीकेसी और त्रुटियों को कम किया जा सकेगा।
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे। साथ ही, मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नामों को सूची से हटाने की प्रक्रिया भी पूरी सावधानी से करने को कहा गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के सवालों का समाधान भी किया गया और उन्हें फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों से निपटने के उपाय बताए गए। इस प्रशिक्षण को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।

Post a Comment

0 Comments